भोजपुरी गानों पर थिरकीं राज्य मंत्री राधा सिंह, वायरल वीडियो से गरमाई सियासत
सिंगरौली-होली के रंगों के बीच मध्य प्रदेश सरकार की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्य मंत्री राधा सिंह एक वायरल वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं।
सिंगरौली–चितरंगी स्थित उनके निजी निवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में मंत्री भोजपुरी गीतों की धुन पर समर्थकों के बीच झूमती नजर आईं। समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में मंत्री समर्थकों के साथ डीजे पर बज रहे भोजपुरी गीतों पर नृत्य करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद अब जन प्रतिनिधियों के सार्वजनिक आचरण और पद की गरिमा को लेकर बहस तेज हो गई है।
निवास पर सजा होली का रंगीन दरबार
सूत्रों के अनुसार सिंगरौली स्थित मंत्री निवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, स्थानीय समर्थक और क्षेत्रवासी शामिल हुए। रंग-गुलाल उड़ाए गए, डीजे पर होली और भोजपुरी गीतों की धुन गूंजती रही और माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। इसी दौरान मंत्री राधा सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच पहुंचीं और कई गीतों की धुन पर नृत्य करती दिखाई दीं।
इन गीतों पर झूमती दिखीं मंत्री
वायरल वीडियो के अनुसार समारोह के दौरान डीजे पर कई भोजपुरी गीत बजाए गए, कई भोजपुरी के अश्लील गीत शामिल बताए जा रहे हैं। इन गीतों पर मंत्री का नृत्य करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।
सत्ता बनाम मर्यादा
वीडियो वायरल होने के बाद अब एक नई बहस खड़ी हो गई है—क्या सार्वजनिक जीवन में बैठे जन प्रतिनिधियों को अपने आचरण में अतिरिक्त मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए? क्या निर्वाचित पद पर बैठे नेताओं को ऐसे आयोजनों में प्रस्तुत गीतों और कार्यक्रमों के चयन को लेकर सतर्क रहना चाहिए? क्या सत्ता का पद केवल अधिकार नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है? राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जन प्रतिनिधि केवल व्यक्ति नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का चेहरा होते हैं। इसलिए उनके सार्वजनिक व्यवहार को समाज विशेष रूप से देखता और परखता है।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कुछ लोग इसे होली का सामान्य उत्सव बता रहे हैं, तो वहीं कई लोगों का कहना है कि मंत्री पद की अपनी एक गरिमा होती है।
जनता क्या कहती है पांच रिएक्शन
1- होली खुशी का त्योहार है, लेकिन सार्वजनिक पद पर बैठे लोगों को अपने आचरण की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
राजेश तिवारी सामाजिक कार्यकर्ता
2- त्योहार में नाचना-गाना गलत नहीं है, इसे बेवजह विवाद बनाया जा रहा है।
संगीता मिश्रा स्थानीय निवासी
3-जन प्रतिनिधि समाज के लिए उदाहरण होते हैं, इसलिए उन्हें सार्वजनिक मंचों पर संतुलित व्यवहार करना चाहिए।
अशोक पांडे शिक्षक
4-होली में मस्ती करना स्वाभाविक है। वीडियो को राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है।
विकास सिंह युवा
5- नेताओं को कार्यक्रमों में यह भी देखना चाहिए कि कौन से गीत बज रहे हैं।
सीमा यादव महिला समूह सदस्य
फैक्ट बॉक्स
मामला होली मिलन समारोह का वीडियो वायरल स्थान सिंगरौली मंत्री निवास मुख्य पात्र राज्यमंत्री राधा सिंह। विवाद भोजपुरी गीतों पर नृत्य को लेकर बहस।
संवाददाता :- खुशी ढ़िमोले

0 Comments