सगाई के दिन प्रेमिका को लेने आए युवक की पीट-पीटकर हत्या, हाईवे किनारे मिला शव

शिवपुरी जिले के कोलारस में सोमवार को प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की जघन्य हत्या का मामला प्रकाश में आया है। रन्नौद थाना क्षेत्र के नेगमा गांव का निवासी 25 वर्षीय अर्जुन पाल कोलारस की एक युवती से प्रेम करता था, लेकिन अलग-अलग समाज होने के कारण युवती के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। सोमवार को युवती की सगाई तय होने की जानकारी मिलने पर अर्जुन अपनी प्रेमिका के बुलावे पर उसे साथ ले जाने के लिए अपने रिश्तेदार कप्तान पाल (कल्ला पाल) के साथ कोलारस पहुंचा था।

रविवार देर रात करीब 1 बजे जब अर्जुन और उसका साथी युवती के घर के पास पहुंचे, तो युवती के परिजनों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें कप्तान पाल किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा, लेकिन अर्जुन को परिजनों ने पकड़ लिया। आरोप है कि रात भर अर्जुन के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार सुबह अर्जुन का शव फोरलेन हाईवे स्थित रंग महल होटल के पास एक गड्ढे/नाले में पड़ा मिला।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिजनों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए जगतपुर चौराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम खोला। जानकारी के अनुसार, युवती का दादा स्वयं थाने पहुंचा और मारपीट की बात स्वीकार की। पुलिस ने कल्ला पाल की शिकायत पर युवती के पिता, दादा और तीन अन्य अज्ञात लोगों सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। 

संवाददाता - अंशुल सोनी