खनिज अधिकारी की खामोशी से फलफूल रहा अवैध खनन


छतरपुर जिले में इन दिनों अवैध खनन का कारोबार तेजी से बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि खनिज विभाग की लापरवाही और जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी के चलते भू-माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पूंछी गांव और बूढ़ा पंचायत के समीप बनी पहाड़ी पर खुलेआम अवैध खनन किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां लंबे समय से मशीनों के जरिए पहाड़ी को खोदकर पत्थर और अन्य खनिज निकाले जा रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक इस अवैध कारोबार की कई बार शिकायत भी स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासन और खनिज विभाग से की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि खनिज अधिकारी अमित मिश्रा पूरे मामले में खामोश बने हुए हैं, जिससे अवैध खनन करने वालों के हौसले और बढ़ गए हैं।

बताया जा रहा है कि दिन-रात ट्रैक्टर और डंपरों के जरिए खनिज सामग्री का परिवहन किया जा रहा है, जिससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। वहीं लगातार हो रहे खनन से पर्यावरण और पहाड़ी क्षेत्र को भी गंभीर नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए और इसमें शामिल लोगों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए।

अब सवाल यह उठता है कि लगातार मिल रही शिकायतों के बावजूद भी आखिर खनिज विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा?क्या प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लाएगा या अवैध खनन का यह खेल यूं ही चलता रहेगा?

संवाददाता:- प्रांजल तिवारी