खजुराहो में एक दिन में सैकड़ों लोगों ने किया रक्तदान, जिले के शिविरों का टूटा रिकॉर्ड


विश्व पर्यटन नगरी खजुराहो के गोल्डन पाम परिसर में भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष एवं युवा कर्तव्य सेवा संघ के संरक्षक गौरव सिंह बघेल की अध्यक्षता में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एक ही दिन में सैकड़ों लोगों ने रक्तदान कर जिले में आयोजित रक्तदान शिविरों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर स्थल पर पहुंचकर आयोजकों और रक्तदाताओं की सराहना की।

विधायक अरविंद पटेरिया ने कहा कि खजुराहो जैसे छोटे नगर में इतनी बड़ी संख्या में युवाओं द्वारा रक्तदान करना सराहनीय है। रक्तदान महादान है और इससे अनेक जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है।

जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आरपी गुप्ता (CHMO) ने भी शिविर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खजुराहो में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जो जागरूकता का प्रतीक है। स्वास्थ्य विभाग भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करता रहेगा ताकि जिले में रक्त की कमी की समस्या न रहे।

आयोजक गौरव सिंह बघेल ने बताया कि जिला अस्पताल में अक्सर रक्त की कमी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी उद्देश्य से इस विशाल शिविर का आयोजन किया गया, ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने वाले वीरों और उनके परिवारों के साथ उनकी टीम सदैव खड़ी रहेगी।

शिविर को सफल बनाने में मेडिकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मेडिकल टीम में दिनेश यादव, अखिलेश वर्मा, युगल किशोर देशमुख, अंकित भुर्जी, सनी खरे, हिमांशू खरे, विष्णु कुकोरिया, शिबम रैकवार, नीरज कुशवाहा एवं शाहिद खान सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे, जिन्होंने रक्तदाताओं की जांच, मार्गदर्शन एवं सुरक्षित रक्त संग्रहण की प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराया।

संवाददाता :- गनेश रैकवार