धर्ममय हुआ नगर: बाबा श्याम की भव्य पालकी के दीदार को उमड़ा जनसैलाब जयकारों से गूंजी जैन कॉलोनी से स्टेडियम तक की राहें, "हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा


भक्ति और आस्था के संगम के साथ आज नगर में बाबा खाटू श्याम जी की भव्य शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। इस दौरान पूरा मार्ग 'जय श्री श्याम' और 'हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा' के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा। नगर की सड़कों पर श्रद्धा का ऐसा सैलाब उमड़ा कि तिल रखने की भी जगह नहीं बची।

पुष्प वर्षा से हुआ बाबा का अभिनंदन शोभायात्रा का श्रीगणेश जैन कॉलोनी से विधिवत पूजन-अर्चन और आरती के साथ हुआ। जैसे ही बाबा की सुसज्जित पालकी रवाना हुई, श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। यात्रा मार्ग में थाना तिगैला और छोटी बस स्टैंड पर धर्मप्रेमियों ने पुष्प वर्षा कर बाबा का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात बड़ी माता मंदिर में माथा टेकते हुए यात्रा कॉलेज मार्ग से होकर बड़ी बस स्टैंड पहुंची। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें बाबा की एक झलक पाने को आतुर दिखाई दीं। भक्ति और संगीत का अनूठा संगम शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक बैंड-बाजों और ढोल-धमाकों की थाप पर श्रद्धालु झूमते-गाते नजर आए। जगह-जगह स्वयंसेवी संस्थाओं और स्थानीय निवासियों द्वारा पेयजल एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मुस्तैद रहा। अंततः यह भव्य यात्रा रामराजा स्टेडियम में जाकर संपन्न हुई। आज की रात: भजनों की सरिता में गोते लगाएंगे श्रद्धालु

यात्रा के समापन के उपरांत अब आयोजन का मुख्य केंद्र रामराजा स्टेडियम बना हुआ है। यहाँ आयोजित भव्य भजन संध्या में बुंदेलखंड के ख्यातिलब्ध गायक सागर राठौर अपनी सुमधुर प्रस्तुति देंगे। देर रात तक चलने वाली इस भजन संध्या के लिए विशाल मंच और आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। आयोजकों का अनुमान है कि हज़ारों की संख्या में श्रद्धालु इस भक्तिमयी शाम का आनंद उठाएंगे।कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और संकीर्तन का आनंद लेते हुए पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम के आयोजक राजीव गुप्ता एवं संजीव गुप्ता (गायत्री कंस्ट्रक्शन एवं गायत्री सोलर, इंदौर) रहे।

संवाददाता:- मुहम्मद ख्वाजा