पलेरा की आराध्या ने फिर लहराया परचम, लगातार दूसरी बार राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड की बनीं चैंपियन
शासकीय संदीपनी उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा ने जिले का नाम किया रोशन, विद्यालय परिवार में हर्ष शिक्षा के क्षेत्र में पलेरा की प्रतिभाएं अपनी चमक बिखेर रही हैं। स्थानीय शासकीय संदीपनी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की मेधावी छात्रा आराध्या मिश्रा ने राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड में लगातार दूसरे वर्ष चैंपियन बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आराध्या की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर न केवल विद्यालय परिवार, बल्कि समूचे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। निरंतरता और मेहनत का परिणाम आराध्या मिश्रा ने अपनी इस सफलता से यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और परिश्रम निरंतर किया जाए, तो सफलता निश्चित मिलती है। राज्य स्तर पर आयोजित इस कठिन प्रतियोगिता में उन्होंने अंग्रेजी भाषा और व्याकरण के ज्ञान का लोहा मनवाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। पिछले वर्ष भी आराध्या इसी प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर अव्वल रही थीं। विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं आराध्या की इस उपलब्धि पर शासकीय संदीपनी उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक स्टाफ ने उन्हें बधाई दी है। विद्यालय परिवार की ओर से आराध्या को उज्जवल भविष्य की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि उनकी यह सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। प्रतिभा का सम्मान शिक्षकों का कहना है कि आराध्या शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और जिज्ञासु रही हैं। राज्य स्तर पर दूसरी बार चैंपियन बनना उनकी असाधारण भाषाई पकड़ को दर्शाता है। इस सफलता से विद्यालय का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित हुआ है।
इनका कहना है,आराध्या मिश्रा की यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का सुखद परिणाम है। लगातार दूसरी बार राज्य चैंपियन बनना पूरे पलेरा क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। हम उनके सुखद और उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं।
महेश रावत: प्राचार्य सांदीपनि विद्यालय परिवार, पलेरा
संवाददाता:- मुहम्मद ख्वाजा

0 Comments