एनआरआई की पत्नी ने ससुर पर दुष्कर्म का लगाया आरोप, मामला दर्ज
ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र में 28 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने 58 वर्षीय ससुर पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का पति विदेश में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत है। महिला के अनुसार 24 अक्टूबर 2025 की रात करीब 1 बजे, जब वह घर पर अकेली थी, ससुर उसके बेडरूम में घुस आया और जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसका मुंह दबाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
महिला ने अगले दिन सास और पति को घटना की जानकारी दी, लेकिन परिवार की इज्जत का हवाला देकर उसे चुप रहने के लिए कहा गया। पति ने उसे अपने साथ विदेश ले जाने का आश्वासन दिया। 19 जनवरी 2026 को पति उसे मायके छोड़कर चला गया और लौटने की बात कही, लेकिन बाद में विदेश रवाना हो गया और संपर्क नहीं किया।
लगातार भय और तनाव में रहने के बाद पीड़िता ने मायके पक्ष को जानकारी दी और महाराजपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि महिला की शिकायत पर ससुर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
संवाददाता :-घनश्याम ठाकुर

0 Comments