दतिया में बड़ी वारदात: भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाह की सरेआम गोली मारकर हत्या
मध्यप्रदेश के दतिया जिले में आज सुबह एक सनसनीखेज हत्याकांड से पूरा शहर दहल गया है। यहाँ वार्ड क्रमांक 1 से भारतीय जनता पार्टी के पार्षद कल्लू कुशवाह की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह दुस्साहसिक वारदात दतिया कोतवाली थाना क्षेत्र के सेवड़ा चुंगी इलाके में सुबह करीब 9 बजे घटित हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, पार्षद कल्लू कुशवाह जब सेवड़ा चुंगी क्षेत्र में मौजूद थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनके सिर में बेहद करीब से गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए इधर-बिधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। पुलिस ने पार्षद के शव को अस्पताल भिजवाते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। भाजपा पार्षद की हत्या की खबर फैलते ही उनके समर्थकों और स्थानीय नेताओं का मौके पर जमावड़ा लग गया है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
संवाददाता - अंशुल सोनी

0 Comments