निवास चौकी क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, मोटरसाइकिल सहित मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अजय वैश्य, निवासी ग्राम खनतरा थाना मझौली जिला सीधी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अजय वैश्य की शादी करीब एक माह पहले बरका चौकी क्षेत्र के गन्नई गांव में हुई थी। रविवार को वह अपने गांव से मोटरसाइकिल से ससुराल गन्नई (थाना सरई, जिला सिंगरौली) जा रहा था, तभी रास्ते में राजनिया कटरा के जंगल के पास उसका शव मोटरसाइकिल सहित मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। वहीं हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वॉड की टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
सूचना मिलते ही निवास चौकी प्रभारी सूरज सिंह पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला सड़क दुर्घटना का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments