गांव में भीषण गर्मी के चलते पेयजल का संकट गहरा, नाराज, ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर किया चक्काजाम


दमोह जिला के हिरदेपुर गांव में भीषण गर्मी के चलते पेयजल संकट गहरा गया है, जिससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को दमोह–सागर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बुजुर्ग सड़क पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए स्थायी समाधान की मांग की। चक्काजाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कई घंटों तक बाधित रहा।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में हैंडपंप सूख चुके हैं और पानी के अन्य स्रोत भी जवाब दे चुके हैं। लोगों को रोजाना कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं केवल कागजों में सीमित हैं और जमीनी स्तर पर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

सूचना मिलने पर तहसीलदार और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। अधिकारियों ने जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया।

संवाददाता:- मदन सींग लोधी