गेहूं के साथ 'जहर' भी उगा रहा था किसान: शातिर तरीके से छिपाई थी अफीम की खेती, पुलिस ने घेराबंदी कर किया पर्दाफाश


टीकमगढ़ जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सर्जिकल स्ट्राइक की है। दिगौड़ा पुलिस ने मंगलवार शाम ग्राम रतनगुवां भाटा के खदई हार में छापेमारी कर अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ किया है। आरोपी ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए गेहूं की फसल के बीच अफीम के पौधे उगा रखे थे, लेकिन मुखबिर की सटीक सूचना ने इस शातिर योजना पर पानी फेर दिया। छापेमारी: 27 किलो हरे पौधे जब्त, खेत मालिक गिरफ्तार थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि खदई हार में गेहूं के खेत के बीच प्रतिबंधित अफीम की खेती की जा रही है। टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो गेहूं की हरियाली के बीच अफीम के पौधे लहलहाते मिले। पुलिस ने घेराबंदी कर खेत मालिक अजीत खान को हिरासत में लिया और मौके से करीब 27 किलोग्राम वजन के हरे पौधे उखाड़कर जब्त किए।

इनका कहना है -

नशे के कारोबार के खिलाफ हमारी मुहिम जारी रहेगी। अवैध खेती या तस्करी की सूचना मिलते ही तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह यह माल कहां खपाने की तैयारी में था।"

— थाना प्रभारी, दिगौड़ा

संवाददाता :- मुहम्मद ख्वाजा