एलपीजी गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला आपूर्ति अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (एलपीजी) द्वारा अंजली गैस एजेंसी भारत गैस बैढ़न एवं हरिहर इंडेन विन्ध्यनगर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस एजेंसी संचालकों एवं उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान पाया गया कि अब कई उपभोक्ता गैस समाप्त होने पर तुरंत रीफिल प्राप्त करने के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं। साथ ही उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया भी लगातार जारी है, जिसके चलते बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं और कुछ स्थानों पर लाइन की स्थिति बन रही है।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि नए नियमों के तहत निर्धारित समय सीमा में गैस बुकिंग की व्यवस्था लागू होने से वितरण प्रणाली और अधिक व्यवस्थित हुई है। हालांकि, कुछ उपभोक्ताओं में अभी भी जानकारी का अभाव देखा गया, जिसे अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समझाइश देकर दूर किया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की कमी या कठिनाई नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार निर्धारित समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
संवाददाता :–आशीष सोनी

0 Comments