‘दो बार मौत’ का सनसनीखेज मामला: जमीन हड़पने के लिए बनाया डुप्लीकेट डेथ सर्टिफिकेट 


मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले से एक चौंकाने वाला फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां एक महिला की “दो बार मौत” दर्ज कर दी गई। हैरान करने वाली बात यह है कि महिला की मौत पहले ही हो चुकी थी, लेकिन सरकारी रिकॉर्ड में उसे दोबारा मृत दिखाकर जमीन हड़पने की साजिश रची गई।

मामले के अनुसार, वर्षों पहले मृत घोषित की जा चुकी महिला को एक बार फिर कागजों में “मार दिया गया”। इसके लिए कथित तौर पर डुप्लीकेट डेथ सर्टिफिकेट तैयार किया गया और उसी के आधार पर जमीन के स्वामित्व में हेरफेर की कोशिश की गई।

सूत्रों की मानें तो इस पूरे खेल के पीछे करोड़ों की जमीन का मामला है। आरोप है कि रिकॉर्ड में हेरफेर कर असली वारिसों को दरकिनार करते हुए फर्जी दस्तावेजों के जरिए संपत्ति पर कब्जा करने की योजना बनाई गई।

यह मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक तंत्र पर भी सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर एक ही व्यक्ति की मौत दो बार सरकारी रिकॉर्ड में कैसे दर्ज हो गई। क्या संबंधित विभागों ने दस्तावेजों की जांच नहीं की, या फिर मिलीभगत से यह फर्जीवाड़ा अंजाम दिया गया?

फिलहाल मामले की जांच की मांग तेज हो गई है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न सिर्फ एक गंभीर आपराधिक साजिश है, बल्कि सरकारी रिकॉर्ड की विश्वसनीयता पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस ‘दोहरी मौत’ के राज से पर्दा कब तक उठाता है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।

संवाददाता :- आशीष सोनी