मनरेगा में फर्जी हाजिरी का बड़ा खुलासा: जीआरएस को नोटिस


जिला पंचायत सिंगरौली द्वारा जारी आदेश के तहत देवसर जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत कठदहा में मनरेगा योजना अंतर्गत अमृत सरोवर चटनिहा नाला में तालाब निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता उजागर हुई है।

प्रथम दृष्टया में मिला कि एनएमएमएस नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल पर श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने के दौरान एक ही श्रमिक की फोटो को अलग-अलग नामों से बार-बार अपलोड किया गया। शासन की गाइडलाइन के अनुसार प्रत्येक श्रमिक की उपस्थिति उसकी वास्तविक समय की फोटो के माध्यम से दर्ज की जानी चाहिए, किंतु यहां प्रक्रिया का उल्लंघन पाया गया। प्रथम दृष्टया यह मामला फर्जी हाजिरी दर्ज कर भुगतान प्राप्त करने से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। ग्राम पंचायत कठदहा के ग्राम रोजगार सहायक तुलसी प्रसाद जायसवाल एवं उपयंत्री अभिषेक विश्वकर्मा की भूमिका संदिग्ध पाई गई।जिला पंचायत सीईओ द्वारा उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देशित किया। आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि यदि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया जाता है तो उनके विरुद्ध म.प्र. पंचायत सेवा नियमों के तहत निलंबन, वेतन रोकने अथवा सेवा समाप्ति जैसी कठोर विभागीय कार्रवाई के साथ शासन की राशि के दुरुपयोग की स्थिति में वसूली की कार्रवाई भी की जा सकती है। वहीं उपयंत्री अभिषेक विश्वकर्मा को जिपं दफ्तर अटैच कर दिया गया है।

1 लाख 72 हजार भुगतान जांच के दायरे में

जारी आदेश में उल्लेख है कि 27 जनवरी से 2 फरवरी 2026 की अवधि के मस्टर रोल क्रमांक 30298 से 30309 तक कुल 11 मस्टर रोल में 110 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई। प्रत्येक मस्टर रोल में 15 हजार 660 रुपये के हिसाब से कुल 1 लाख 72 हजार 260 रुपये का भुगतान दर्शाया गया है। आरोप है कि एनएमएमएस पोर्टल पर अपलोड की गई तस्वीरों और वास्तविक उपस्थिति में अंतर पाया गया है। इस कारण संबंधित भुगतान की प्रक्रिया संदेह के घेरे में आ गई है और वित्तीय अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। वहीं पूरे प्रकरण में कार्रवाई जिपं सीईओ के निर्देश पर की गई है। सीईओ, जनपद पंचायत देवसर को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया है। साथ ही कार्यक्रम अधिकारी, मनरेगा जनपद पंचायत देवसर को निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

संवाददाता :- आशीष सोनी