मोबाइल को साइबर सेल में कराया जमा, पेश की ईमानदारी की मिसाल
जानकारी के अनुसार ग्राम भुड़कुड़, पोस्ट रजमिलान, तहसील माड़ा निवासी अनंत लाल पनिका को 3 मार्च 2026 को थाना नवानगर क्षेत्र में एक मोबाइल फोन मिला था। मोबाइल मिलने के बाद उन्होंने जिम्मेदारी और ईमानदारी का परिचय देते हुए इसकी सूचना साइबर सेल सिंगरौली को दी।
सूचना मिलने के बाद साइबर सेल ने मोबाइल के वास्तविक मालिक का पता लगाया। इसके बाद अनंत लाल पनिका ने 6 मार्च 2026 को उक्त मोबाइल साइबर सेल को सुपुर्द कर दिया, ताकि आवश्यक जांच के बाद उसे सही व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।
पुलिस द्वारा मोबाइल के स्वामी राजबहादुर प्रजापति को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित साइबर सेल में बुलाकर उनका मोबाइल फोन वापस कर दिया गया।
सिंगरौली पुलिस ने अनंत लाल पनिका की ईमानदारी की सराहना करते हुए आमजन से अपील की है कि यदि किसी को गुम हुआ मोबाइल या अन्य सामान मिलता है तो उसे नजदीकी थाने में जमा कराएं, ताकि वास्तविक मालिक को उसका सामान वापस मिल सके और समाज में सहयोग व ईमानदारी की भावना मजबूत हो सके।
संवाददाता :- आशीष सोनी

0 Comments