भ्रष्टाचार बेलगाम: 1 लाख की डिमांड, 50 हजार लेते पकड़े गए वन अधिकारी
मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा वन परिक्षेत्र में लोकायुक्त की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेंजर विकास सेठ और क्लर्क जयप्रकाश तिवारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह रिश्वत एक बुजुर्ग किसान से लकड़ी के परिवहन (ट्रांजिट परमिट) की अनुमति देने के नाम पर ली जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, किसान विजय सिंह राजपूत से कुल 1 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से वह पहले ही 40 हजार रुपये दे चुका था। बावजूद इसके अधिकारियों की मांग खत्म नहीं हुई। मजबूर होकर किसान ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद योजना बनाकर टीम ने छापा मारकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि सरकार की तमाम सख्ती और भ्रष्टाचार विरोधी दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात नहीं बदल रहे हैं। सवाल यह है कि जब लगातार लोकायुक्त कार्रवाई कर रही है, तो आखिर भ्रष्ट अधिकारियों में डर क्यों नहीं है? क्या सिर्फ छापेमारी ही समाधान है या फिर सिस्टम में गहरी सुधार की जरूरत है?
प्रदेश में रोज सामने आ रहे ऐसे मामले साफ संकेत देते हैं कि भ्रष्टाचार सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि एक जड़ जमाई हुई समस्या बन चुका है, जिस पर अब सख्त और स्थायी कार्रवाई की जरूरत है।
संवाददाता:- स्वाति रजक

0 Comments