दतिया में डिजिटल डकैती: मोबाइल कंट्रोल लेकर एडवोकेट से 12.56 लाख की ठगी
दतिया शहर में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक वरिष्ठ एडवोकेट के मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर उनके बैंक खाते से 12.56 लाख रुपये पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात महज तीन घंटे के भीतर अंजाम दी गई, जबकि पीड़ित को इसकी जानकारी दो दिन बाद लगी।
मोबाइल हैक कर उड़ाए लाखों
पुलिस के अनुसार सिजौरा हाउस, बुंदेला कॉलोनी निवासी एडवोकेट मंगल सिंह परमार (63) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल की रात करीब 8 बजे से 11 बजे के बीच अज्ञात साइबर ठगों ने उनके मोबाइल में रिमोट एक्सेस ले लिया। इसके बाद आरोपियों ने RTGS समेत अन्य माध्यमों से कुल 12,56,740 रुपये ट्रांसफर कर लिए।
दो दिन बाद चला पता
इतनी बड़ी रकम निकलने के बावजूद पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। शुक्रवार शाम करीब 8:20 बजे जब उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच की, तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस और साइबर सेल सक्रिय
कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए साइबर सेल भी सक्रिय हो गई है और ट्रांजैक्शन डिटेल के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मोबाइल बना नया निशाना
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि साइबर अपराधी अब सीधे बैंक अकाउंट नहीं, बल्कि मोबाइल डिवाइस को टारगेट कर रहे हैं। रिमोट एक्सेस ऐप या फर्जी लिंक के जरिए मोबाइल का कंट्रोल मिलते ही ओटीपी, मैसेज और बैंकिंग ऐप तक पहुंच आसान हो जाती है, जिससे मिनटों में बड़ी रकम साफ की जा रही है।
पुलिस की अपील
कोतवाली टीआई धीरेंद्र मिश्रा ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ऐप के जरिए मोबाइल का एक्सेस न दें। बैंकिंग जानकारी और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
संवाददाता : किशोर कुशवाहा
0 Comments