दतिया में पुलिस का एक्शन मोड: बैंक सुरक्षा सिस्टम की हुई पड़ताल
सिंगरौली में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती की घटना के बाद दतिया पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। शहर में किसी भी तरह की वारदात को रोकने के लिए कोतवाली टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने शनिवार को प्रमुख बैंकों का सघन निरीक्षण किया।
बैंकों में चला सघन चेकिंग अभियान
निरीक्षण के दौरान एक्सिस बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस ने इमरजेंसी अलार्म सिस्टम, सीसीटीवी कैमरों और बैंक गार्डों के हथियारों की गहन जांच की।
अलार्म और सतर्कता पर फोकस
पुलिस टीम ने खास तौर पर यह परखा कि आपात स्थिति में अलार्म सिस्टम कितनी तेजी से काम करता है और सुरक्षा गार्ड कितने अलर्ट रहते हैं। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा में लापरवाही न बरतने के निर्देश
टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने बैंक प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए।
विशेष अभियान जारी
पुलिस के मुताबिक दतिया में समय-समय पर बैंकों का निरीक्षण किया जाता रहा है, लेकिन हालिया डकैती की घटना को देखते हुए सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल सभी बैंकों में सुरक्षा इंतजाम संतोषजनक पाए गए हैं।
संवाददाता : किशोर कुशवाहा

0 Comments