वृद्ध किसान को जाल में फंसाकर 14 लाख वसूले, जमीन हड़पने की साजिश का आरोप
मध्य प्रदेश के दतिया शहर में शुक्रवार को एक सनसनीखेज ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। यहां एक वृद्ध किसान और प्रॉपर्टी डीलर को नशीला पदार्थ खिलाकर उनका अश्लील वीडियो बनाया गया और फिर उसे वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपए की उगाही की गई।
पीड़ित हरीशचंद्र मिश्रा, निवासी सीतासागर, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी राजापुर स्थित कृषि भूमि को गांव का ही अरविंद राय जोतता था। इसी दौरान अरविंद राय ने अपनी एक रिश्तेदार महिला को घर के काम के लिए भेजा।
आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपियों ने सुनियोजित साजिश के तहत उन्हें नशीला पदार्थ खिलाया और आपत्तिजनक स्थिति में उनका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू हुआ।
14 लाख की उगाही, अब भी 20 लाख की मांग
पीड़ित के अनुसार बदनामी के डर से उनसे करीब 12 से 14 लाख रुपए तक वसूले गए। इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा लगातार 20 लाख रुपए की और मांग की जा रही थी। पैसे नहीं देने पर जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी जा रही थी
चार आरोपी नामजद, साक्ष्य भी मिले
मामले में अरविंद राय, महिला बेबी राय उर्फ श्रीदेवी वंशकार, पंजाब सिंह वंशकार और भूरे राय को आरोपी बनाया गया है। जांच के दौरान ऑडियो और वीडियो साक्ष्य भी सामने आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
संगठित साजिश मानकर जांच तेज
पुलिस ने इस मामले को गंभीर और संगठित अपराध मानते हुए विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

0 Comments