नरवाई में लगी आग ने मचाई तबाही: तेज हवाओं से 4 किमी तक फैली लपटें, फसलें और झोपड़ी जलकर राख



सागर जिले में नरवाई जलाने की लापरवाही एक बार फिर भारी पड़ गई। प्रशासन की सख्त मनाही और लगातार अपील के बावजूद किसानों द्वारा खेतों में लगाई गई आग ने विकराल रूप ले लिया। गुरुवार को कैंट थाना क्षेत्र के बड़खेरा खुमान गांव में एक खेत से शुरू हुई आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैलती हुई कई किलोमीटर दूर तक पहुंच गई।

घटना में कई किसानों की खड़ी फसलें, खेतों में रखे पाइप और भूसा जलकर नष्ट हो गए। वहीं एक किसान की झोपड़ी और उसमें रखा घरेलू सामान भी आग की चपेट में आकर खाक हो गया।

गांव निवासी शुभांक चाचोदिया के अनुसार, आग सबसे पहले राजकुमार विश्वकर्मा के खेत में देखी गई थी। हालांकि आग किसने लगाई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। शाम करीब 4 बजे लगी आग ने कुछ ही समय में आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 3 से 4 किलोमीटर तक फैल गई।

तेज हवाओं के कारण आग बड़खेरा खुमान से खजुरिया गुरु क्षेत्र तक पहुंच गई। हालात तब और गंभीर हो गए जब आग गांव की ओर बढ़ने लगी और एक किसान के घर की बाउंड्री तक जा पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सागर नगर निगम की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना ने एक बार फिर नरवाई जलाने के खतरों और प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है।

संवाददाता:- स्वाति रजक