2 दिन से खरीदी केंद्रों पर गेहूं की बोरियों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉलियां खड़ीं, देवरी में किसानों की नहीं हो रही तौल

15 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी केंद्र शुरू हो गए हैं, लेकिन किसानों की स्लॉट बुक नहीं हो रही है। इससे किसान परेशान हैं। केंद्रों पर दो दिन से किसानों की गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी हैं, लेकिन तुलाई नहीं हो रही है। गुरुवार को किसान गेहूं की बोरियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर गेहूं समर्थन मूल्य खरीदी केंद्र पर पहुंचे।

कृषि उपज मंडी देवरी में संचालित जैतपुर कोपरा खरीदी केंद्र पर करीब एक दर्जन से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दो दिन से खड़ी हैं। कुछ किसानों ने अपना गेहूं मंडी के शेड में बिना स्लॉट बुकिंग किए ही तुला दिया है। ग्राम सुना सिंगपुर के किसान मुकेश कर्मी ने बताया कि वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में डेढ़ सौ क्विंटल गेहूं की बोरियां लेकर दो दिन से तुलाई का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन स्लॉट बुक नहीं हो रही है। 11 बजे तक केंद्र पर समिति प्रबंधक नहीं पहुंचे। किसान ने एसडीएम मुनव्वर खान को फोन कर सूचना दी। इस पर एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। किसान राजेंद्र कुर्मी ने बताया कि वह दो दिन से केंद्र पर 100 क्विंटल गेहूं लेकर आए हैं लेकिन स्लॉट बुक नहीं हो रही है।

केंद्र पर उनकी उपज नहीं तोली जा रही है। तुलाई के ₹20 प्रति क्विंटल मांगे जा रहे हैं। ग्राम सुना सिंगपुर के किसान बलिराम ने बताया वह 100 कट्टी गेहूं लेकर बुधवार को आए थे। स्लॉट बुक नहीं हुआ लेकिन तुलाई हो गई। केंद्र पर ढेरी लगा दी है। केंद्र प्रभारी मौजूद नहीं थे। उनसे बात नहीं हो सकी। सेवा सहकारी समिति रिछई के समिति प्रबंधक धर्म सिंह ने बताया कि स्लॉट बुकिंग नहीं होने से किसान परेशान हो रहे हैं। सेटेलाइट के कारण किसानों के पंजीयन सत्यापित कर दिए हैं। इससे किसान परेशान हो रहे हैं।