देवरी में मुक्तिधाम तोड़फोड़ आंदोलन उग्र, अनिश्चितकाल भूख हड़ताल शुरू

देवरी के झुनकू वार्ड स्थित मुक्तिधाम में 4 अप्रैल को प्रशासन द्वारा की बुल्डोजर कार्रवाई के विरोध में चल रहा सत्याग्रह आंदोलन अब और उग्र हो गया है। धरना प्रदर्शन, क्रमिक भूख हड़ताल के बाद आठवें दिन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल में बदल गया है। इस आंदोलन को गणमान्य नागरिकों और सामाजिक संस्थाएं खुलकर समर्थन कर रही हैं। स्थानीय रैकवार समाज, गंगा मंदिर समिति एवं श्री हरि प्रभात फेरी समिति के सदस्यों ने नगर पालिका चौराहे पर लगे पंडाल में पहुंचकर समर्थन किया एवं मांगे पूरी किए जाने की मांग की है।

उल्लेखनीय है कि नगर के मुक्तिधाम में 2 माह से जन सहयोग से चलाई जा रही सौन्दर्याकरण की मुहिम पर प्रशासन की अप्रत्याशित रोकने और तोड़फोड़ किए जाने से नगर में जमकर प्रशासन के प्रति आक्रोश पनप रहा है। अपनी मांगों को लेकर मुक्तिधाम समिति और प्रबुद्ध वर्ग द्वारा चलाये जा रहे चरणबद्ध आंदोलन जन आंदोलन का रूप ले लिया है। मौन जलूस, ज्ञापन, धरना प्रदर्शन, क्रमिक भूख हड़ताल के बाद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की गई है। जिसमें पहले दिन से आंदोलन की बागडोर संभाले समाजसेवी राजा गुप्ता क्रमिक भूख हड़ताल के बाद अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर डटे हैं। इस अवसर पर महंत हरिकृष्ण दास, विजय तिवारी, केदार प्रजापति, सतीश अरेले, नंदू सोनी, संजय वर्मा, संजय घोरपडे, प्रेम नारायण कोष्टी, अंकित प्रजापति, शिवा नामदेव, राहुल लोधी, प्रेमचंद कोष्टी, सुदामा गुप्ता, नर्मदा वाल्मीकि, सीताराम गुरु सहित कई लोग उपस्थित रहे।