सीने में धंसा सरिया, 2 घंटे तड़पता रहा युवक: बेगमगंज पुलिया हादसे में लापरवाही बनी जान पर भारी



भोपाल-सागर नेशनल हाइवे पर बेगमगंज के पास निर्माण कार्य के दौरान हुई गंभीर लापरवाही ने एक युवक की जिंदगी को मौत के मुंह में धकेल दिया। भोपाल से सागर जा रहे 30 वर्षीय लकी माली की बाइक रात करीब 2 बजे अंधेरे और बिना संकेतक वाली पुलिया पर अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में 12 एमएम का सरिया उसके सीने में आर-पार धंस गया, जो दिल से महज कुछ सेंटीमीटर दूर था।

घायल युवक करीब दो घंटे तक मौके पर तड़पता रहा, जिसके बाद राहगीरों ने सरिया काटकर उसे अस्पताल पहुंचाया। सागर के निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने करीब दो घंटे की सर्जरी कर सरिया बाहर निकाला। चार दिन वेंटिलेटर पर रहने के बाद अब उसकी हालत स्थिर है।

डॉक्टरों के मुताबिक यह किसी चमत्कार से कम नहीं कि सरिया दिल के बेहद करीब होते हुए भी जान बच गई। वहीं, स्थानीय लोगों और घायल ने निर्माण एजेंसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि साइट पर न तो लाइटिंग थी, न ही चेतावनी बोर्ड। हादसे को लेकर ठेकेदार और एजेंसी की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

संवाददाता:- स्वाति रजक