ताशकंद से लौटी सतना की बेटी अस्मि भारती का भव्य स्वागत, शहर में निकली रैली
सतना। उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित जूनियर वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर लौटीं सतना की होनहार खिलाड़ी अस्मि भारती का रविवार को शहर में भव्य स्वागत किया गया। रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका जोरदार अभिनंदन हुआ, जिसके बाद उनके सम्मान में एक विशाल रैली निकाली गई।
रेलवे स्टेशन से घर तक निकली रैली, दिखा उत्साह
अस्मि भारती जैसे ही सतना रेलवे स्टेशन पहुंचीं, वहां पहले से मौजूद लोगों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद स्टेशन से उनके घर तक एक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। पूरे शहर में इस दौरान उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
50 से अधिक देशों के बीच किया मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व
उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में 50 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अस्मि भारती ने इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। खास बात यह है कि वह इस स्तर की प्रतियोगिता में पहुंचने वाली मध्य प्रदेश की पहली ताइक्वांडो खिलाड़ी बनी हैं।
सीईओ ने किया सम्मान, नई परंपरा की घोषणा
जिला पंचायत के सीईओ शैलेंद्र सिंह ने अस्मि भारती का स्वागत करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि अब सतना जिले में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों का इसी तरह भव्य स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे लाना है।
खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनीं अस्मि
अस्मि भारती की यह उपलब्धि जिले के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। उनके इस प्रदर्शन से न केवल सतना बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में गर्व का माहौल है।
संवाददाता : किशोर कुशवाहा

0 Comments