शादी की खुशियां मातम में बदलीं: कैड़ी गांव में 3 लाख की चोरी, मंगलसूत्र-जेवरात लेकर फरार हुए चोर
छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र में शादी की तैयारियों के बीच बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। ग्राम कैड़ी निवासी लल्जू श्रीवास के घर शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
घटना रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। चोर मकान के पीछे के हिस्से से आए और पक्की दीवार तोड़कर घर के अंदर प्रवेश कर गए।
सुबह करीब 5 बजे जब परिजन जागे तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
चोर घर से मंगलसूत्र, करधनी, पायल, नथ, झुमकी सहित अन्य जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि चोर जल्दबाजी में कुछ सामान घर के पास ही छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाकर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
संवाददाता:- स्वाति रजक

0 Comments