खुरई में सड़क निर्माण की अव्यवस्था ने ली सुरक्षा की कीमत, दो हादसों में 6 घायल; पिता-पुत्र गंभीर हालत में सागर रेफर



खुरई में बीती रात सड़क सुरक्षा व्यवस्था की खामियों के चलते दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए, जिनमें एक महिला और एक बच्चे सहित कुल छह लोग घायल हो गए। इनमें से पिता-पुत्र की हालत गंभीर होने पर उन्हें सागर रेफर किया गया है।

पहली घटना ऑडिटोरियम के पास हुई, जहाँ महूना कायस्थ निवासी सोनू कुर्मी (38), उनकी पत्नी प्रियंका कुर्मी (35) और पुत्र गट्टू कुर्मी (10) खुरई से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर कजरई निवासी अमोल सौर (18) और रामबिहारी सौर (17) सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों पर सवार सभी पांच लोग घायल हो गए।

घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सोनू कुर्मी और उनके बेटे गट्टू कुर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सागर रेफर कर दिया गया। सोनू कुर्मी के पैर में फ्रैक्चर बताया गया है। उन्होंने बताया कि वे रिश्तेदारी में शादी की खरीदारी कर लौट रहे थे।

दूसरी घटना खुरई-रजवांस मार्ग पर मुड़िया गांव के पास हुई, जहां पठारपुरा निवासी प्रीतम आदिवासी (45) को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें भी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि खुरई-राहतगढ़ मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। वर्तमान में सड़क के दोनों ओर का यातायात एक ही लेन से संचालित हो रहा है, जिससे जोखिम बढ़ गया है।

परिजनों का कहना है कि उचित बैरिकेडिंग और डायवर्जन व्यवस्था न होने से यह दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने ठेकेदार की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और जल्द सुधार की मांग की है।

संवाददाता:- स्वाति रजक