दमोह में पारा 43 डिग्री पार,भीषण गर्मी और लू से जनजीवन प्रभावित, सड़कों पर सन्नाटा, नारियल पानी की मांग बढ़ी...



दमोह में रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप बना हुआ है। तेज धूप के कारण दिन के समय आवाजाही बेहद कम हो गई है। लोग गर्मी से बचाव के लिए सड़क किनारे लगे पेड़ों की छांव और शीतल पेय पदार्थों का उपयोग कर रहे हैं।


कलेक्ट्रेट और मॉडल रोड पर पसरा सन्नाटा:

दोपहर 1:30 बजे कलेक्ट्रेट से किल्लाई नाका और बेलाताल जाने वाली मॉडल रोड पूरी तरह सुनसान नजर आई। सड़कों पर निकलने वाले गिने-चुने लोग पेड़ों की छांव में खड़े होकर गर्मी से बचते दिखे। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय पांच मिनट भी धूप में खड़ा रहना मुश्किल हो रहा है।



नारियल पानी और गन्ने के रस की मांग बढ़ी:

गर्मी से राहत पाने के लिए नागरिक नारियल पानी और गन्ने के रस की दुकानों पर पहुंच रहे हैं। सड़क किनारे लगे इन स्टालों पर शीतल पेय के लिए लोगों की भीड़ देखी जा रही है। बाजार निकलने वाले लोग लू की चपेट में आने से बचने के लिए सिर को तौलिये या टोपी से ढंककर चल रहे हैं।


आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की आशंका:

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के कारण स्वास्थ्य संबंधी खतरों की आशंका भी बढ़ गई है। प्रशासन और विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।

संवाददाता- कुणाल कुर्मी