बीएमसी में प्रसूता की मौत, परिजन ने किया हंगामा, इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप
सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सोमवार को प्रसूता की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। जानकारी के अनुसार, नयाखेड़ा निवासी संध्या अहिरवार (30) को प्रसव पीड़ा होने पर 17 अप्रैल को परिजन एंबुलेंस की मदद से बंडा अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद प्रसूता को बीएमसी रैफर कर दिया गया। बीएमसी में भर्ती कर उसका इलाज शुरू हुआ। रविवार रात अचानक प्रसूता को दर्द हुआ। उसे लेबर रूम में शिफ्ट किया गया। जहां प्रसूता संध्या की सोमवार सुबह मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग जमा हो गए। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।
इंजेक्शन लगाने के बाद बिगड़ी तबीयत मृतका संध्या के परिजन ने आरोप लगाते हुए कहा कि संध्या को अस्पताल में भर्ती किया। 2 घंटे तक वह तड़पती रही। लेकिन किसी ने इलाज नहीं किया। रविवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। मौजूद अस्पताल स्टाफ ने इंजेक्शन लगाया। जिसके बाद और तबीयत बिगड़ गई। इसी दौरान संध्या की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बीएमसी प्रबंधन ने अब तक मृत संध्या का चेहरा नहीं देखने दिया है। परिजन ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं बीएमसी प्रबंधन का मामले को लेकर अब तक कोई जवाब सामने नहीं आया है।

0 Comments