बोलेरो को टक्कर मार दुकान पर पलटा भूसे से भरा ट्रक, 4 लोग दबे हालत गंभीर

दमोह-छतरपुर हाईवे पर बड़ा हादसा, ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर किराना दुकान में घुसा, चालक फरार दमोह | 17 अप्रैल 2026मध्य प्रदेश के दमोह जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दमोह-छतरपुर हाईवे पर नीमन तिराहा के पास भूसे से भरा एक ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर पहले बोलेरो से टकराया और फिर सड़क किनारे बनी किराना दुकान पर पलट गया।

हादसे के समय दुकान के बाहर खड़े चार लोग ट्रक से गिरे भूसे में दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ओवरलोड था और तिराहे की ढलान के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।

टक्कर इतनी तेज थी कि पहले बोलेरो क्षतिग्रस्त हुई और फिर ट्रक सीधे दुकान पर पलट गया।हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।इस घटना में हिम्मतपुरा निवासी अनिकेत सिंह की किराना दुकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुकान का सारा सामान भूसे में दब गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 


सूचना मिलते ही बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए ट्रक हटाने व यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की।क्या ओवरलोड ट्रकों पर कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है?आखिर हाईवे पर बिना जांच के ओवरलोड वाहन कैसे दौड़ रहे हैं?क्या परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन की लापरवाही इस हादसे की जिम्मेदार है?तिराहों और ढलानों जैसे संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं हैं?

संवाददाता राजकुमारी ठाकुर