सागर में मामूली सड़क हादसा बना बवाल, दो पक्ष आमने-सामने; पुलिस ने संभाला मोर्चा
मध्य प्रदेश के सागर शहर के सदर इलाके में रविवार रात एक मामूली सड़क हादसा अचानक बड़े विवाद में बदल गया। दो बाइक सवारों के बीच हुई टक्कर के बाद शुरू हुई कहासुनी और मारपीट ने देखते ही देखते तनाव का रूप ले लिया। हालात उस समय और बिगड़ गए जब कुछ लोगों ने घटना को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश की, जिससे दो समुदाय आमने-सामने आ गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को तत्काल सूचना दी गई। शहर के सभी थाना प्रभारियों को सदर इलाके में तैनात किया गया। भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और इसके बाद इलाके में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
जानकारी के मुताबिक, कैंट थाना क्षेत्र में रात करीब 9:30 बजे संकट मोचन हनुमान मंदिर के पास दो युवकों की बाइक आपस में टकरा गई थी। टक्कर के बाद हुई बहस के दौरान सौरभ भाटिया नामक युवक के साथ दूसरे पक्ष के युवक ने मारपीट कर दी। घायल सौरभ ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसके परिजन शिकायत लेकर दूसरे पक्ष के पास पहुंचे। यहां फिर से विवाद बढ़ गया और आरोप है कि लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
कुछ देर बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर कैंट थाने पहुंचे, लेकिन वहां भी तनाव बढ़ गया और थाना परिसर के पास ही दोनों पक्षों के बीच फिर से झड़प हो गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात को नियंत्रित करने के लिए कैंट, मोतीनगर, कोतवाली और सिविल लाइन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया।
मारपीट में घायल सौरभ को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
संवाददाता:- स्वाति रजक

0 Comments