केन-बेतवा विवाद ने लिया उग्र रूप: गेट तोड़कर अंदर घुसे प्रदर्शनकारी, 50 पर FIR से सियासत गरम
छतरपुर में प्रस्तावित केन-बेतवा लिंक परियोजना एक बार फिर सुर्खियों में है। एक ओर जहां इस महत्वाकांक्षी परियोजना से तीन राज्यों को बड़े लाभ की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर प्रभावितों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी आंदोलन ने शुक्रवार को अचानक तनावपूर्ण मोड़ ले लिया, जब प्रदर्शन के दौरान हालात बेकाबू हो गए।
शुक्रवार को हुए प्रदर्शन के बाद शनिवार को पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए यूथ कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार समेत करीब 50 कार्यकर्ताओं और समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई, कर्मचारियों से अभद्रता की गई और सरकारी संपत्ति को नुकसान भी हुआ।
बमीठा थाना पुलिस के अनुसार, मामला पन्ना टाइगर रिजर्व के चंद्रनगर वन परिक्षेत्र अधिकारी राजेंद्र कुमार सोलंकी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों ने भुसौर गेट पर तैनात कर्मचारियों के साथ न सिर्फ बहस की बल्कि गेट को तोड़कर जबरन परिसर में प्रवेश कर गए।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई गंभीर धाराओं सहित लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 के तहत केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी बाल्मीक चौबे के मुताबिक, अब तक 20 से 25 आरोपियों की पहचान हो चुकी है और बाकी की तलाश जारी है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी की बात भी कही जा रही है।
घटना के समय पूर्व सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी की बेटी और कांग्रेस नेत्री निधि चतुर्वेदी भी मौके पर मौजूद थीं, जिससे मामला और अधिक राजनीतिक रंग में बदल गया। एफआईआर के बाद कांग्रेस खेमे में नाराजगी देखने को मिल रही है और सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को अभिषेक परमार अपने समर्थकों के साथ आंदोलन स्थल पर पहुंचे थे। चंद्रनगर वन परिक्षेत्र के गेट पर तैनात कर्मचारियों ने सुरक्षा कारणों से उन्हें अंदर जाने से रोका, जिसके बाद स्थिति तेजी से बिगड़ गई। पहले तीखी बहस हुई और फिर प्रदर्शनकारियों ने गेट तोड़कर अंदर प्रवेश कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में तनाव को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
संवाददाता:- स्वाति रजक

0 Comments