भोपाल में लेंसकार्ट स्टोर के बाहर विवाद, ‘स्टाइल गाइड’ और धार्मिक प्रतीकों को लेकर प्रदर्शन; कंपनी ने दी सफाई 




लेंसकार्ट के कथित ‘स्टाइल गाइड’ को लेकर चल रहा विवाद अब भोपाल तक पहुंच गया है। राजधानी के न्यू मार्केट स्थित रोशनपुरा चौराहे पर स्थित लेंसकार्ट शोरूम के बाहर शुक्रवार को हिंदू उत्सव समिति के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंपनी की नीति में कर्मचारियों के धार्मिक प्रतीकों जैसे तिलक और कलावा पर आपत्ति जताई गई थी। इसी मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं ने शोरूम के बाहर विरोध दर्ज कराया और कर्मचारियों को तिलक लगाकर तथा कलावा बांधकर अपना संदेश दिया। इस दौरान “सनातन का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारे भी लगाए गए।

हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि भारत में धार्मिक परंपराओं और प्रतीकों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी कंपनी द्वारा सनातन धर्म से जुड़े प्रतीकों पर रोक लगाने की कोशिश की गई तो उसका विरोध किया जाएगा।

वहीं शोरूम में मौजूद कुछ कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें तिलक या कलावा पहनने से कभी नहीं रोका गया है। कर्मचारियों के अनुसार, नवरात्रि जैसे अवसरों पर वे स्वयं धार्मिक प्रतीकों का उपयोग करते हैं और कंपनी की ओर से इस तरह की कोई पाबंदी नहीं लगाई गई है।

इस विवाद के बीच सोशल मीडिया पर भी मामला तेजी से वायरल हुआ, जहां कई यूजर्स ने कंपनी पर धार्मिक भेदभाव के आरोप लगाए। बढ़ते विवाद पर लेंसकार्ट की ओर से सफाई दी गई है। कंपनी ने कहा है कि जो स्टाइल गाइड ऑनलाइन प्रसारित हो रही थी, वह पुरानी थी और अब लागू नहीं है।

कंपनी ने अपने आधिकारिक एक्स (Twitter) अकाउंट पर बयान जारी करते हुए कहा कि वह ग्राहकों और समुदाय की चिंताओं को गंभीरता से लेती है और अब अपने इन-स्टोर स्टाइल गाइड को मानकीकृत कर सार्वजनिक रूप से साझा कर रही है।

संवाददाता:- स्वाति रजक