गर्व का क्षण..! गाँव का नाम रोशन करने वाले युवा की सफलता की कहानी...
मध्य प्रदेश में दमोह जिले के एक छोटे से गाँव ग्राम लुहर्रा (सरखड़ी) के होनहार युवा भैया अनिकेत पटेल ने अपनी मेहनत और लगन से एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए CBI में सब इंस्पेक्टर के पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा गांव गर्व महसूस कर रहा है।
खास बात यह है कि देश भर में SSC द्वारा चयनित CBI के 93 अभ्यर्थियों में से अनिकेत पटेल को CBI सब इंस्पेक्टर का इकलौता पद प्राप्त हुआ है, जो उनकी काबिलियत और उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाता है।
अनिकेत पटेल बचपन से ही पढ़ाई में तेज और अनुशासित छात्र रहे हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद कभी हार नहीं मानी और लगातार अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे। उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार का सहयोग प्रमुख रहा है।
क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणा स्त्रोत:
गाँव के युवाओं के लिए वे एक प्रेरणा स्रोत बनकर उभरे हैं, आज के समय में जहां प्रतियोगी परीक्षाएं बहुत कठिन हो चुकी हैं, वहां अनिकेत की सफलता यह साबित करती है कि सच्ची मेहनत का फल जरूर मिलता है। उनके CBI में चयन की खबर मिलते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया।
क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत कर शुभकामनाएं दीं:
सुबह क़रीब 04:30 बजे दिल्ली से लौटे अनिकेत पटेल जैसे ही दमोह रेल्वे स्टेशन पर उतरते हैं तो इत्तेफ़ाक से उनके इष्ट मित्रों सहित परिवार व रिश्तेदारों ने फूल माला से स्वागत कर उनको बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें बधाई दीं। हर कोई उनकी इस उपलब्धि की सराहना कर रहा है और उनके उज्जवल भविष्य की कामना कर रहा है। अनिकेत पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, भाई और गुरुजनों को दिया है। उन्होंने कहा कि अगर इंसान सच्चे मन से मेहनत करे तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उनकी यह बात आज के युवाओं के लिए एक सीख है।
ग्राम लुहर्रा (सरखड़ी) ही नहीं बल्कि क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण:
पूरे क्षेत्र में उनकी सफलता की चर्चा हो रही है। आशा है कि वे आगे भी अपने कार्यों से देश और समाज का नाम रोशन करेंगे समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें ढेर सारी बधाई एवं उज्जवल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
संवाददाता- कुणाल कुर्मी


0 Comments