गरीब किसान के बेटे ने रचा इतिहास, आयकर विभाग में बने कार्यालय अधीक्षक


 संघर्ष और मेहनत से सफलता की नई इबारत लिखने वाले युवा की प्रेरणादायक कहानी सामने आई है। टीकमगढ़ जिले के पलेरा तहसील अंतर्गत ग्राम बेला निवासी गरीब किसान सुरेश पटेल के सुपुत्र कृष्णकान्त निरंजन ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए आयकर विभाग में कार्यालय अधीक्षक (OS) के पद पर चयनित होकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कृष्णकान्त निरंजन की यह सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि उन्होंने आर्थिक तंगी के बीच अपनी पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने खुद कोचिंग पढ़ाकर अपनी पढ़ाई का खर्च जुटाया और दिन-रात मेहनत कर अपने लक्ष्य को हासिल किया।कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने हार नहीं मानी और निरंतर प्रयास करते रहे, जिसका परिणाम आज उनकी इस बड़ी उपलब्धि के रूप में सामने आया है। कृष्णकान्त की इस सफलता की खबर मिलते ही उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। माता-पिता का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। वहीं गांव और क्षेत्रवासियों ने भी मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और उन्हें शुभकामनाएं दीं। हर कोई उनकी मेहनत, लगन और संघर्ष की सराहना कर रहा है। अपनी सफलता पर कृष्णकान्त निरंजन ने इसका श्रेय अपने माता-पिता के त्याग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और अपनी निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि “अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है। युवाओं को अपने लक्ष्य पर अटल रहना चाहिए और कभी हार नहीं माननी चाहिए।” कृष्णकान्त निरंजन की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी यह प्रेरणादायक कहानी आज हजारों युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित कर रही है।इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

संवाददाता :- मुहम्मद ख्वाजा