गाय को बचाने के प्रयास में पलटा पिकअप, सड़क पर बिखरा अनाज
दमोह | कटनी-दमोह मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब अनाज से भरा एक पिकअप वाहन अचानक पलट गया। यह दुर्घटना कुठला थाना क्षेत्र के देवगांव मंडी के पास हुई। हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं।
भोपाल जा रहा था पिकअप वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन (MP14GC2593) कटनी से भारी मात्रा में चावल की बोरियां लेकर भोपाल की ओर जा रहा था। वाहन जैसे ही देवगांव मंडी के पास पहुंचा, तभी यह हादसा हो गया।
गाय को बचाने में बिगड़ा संतुलन
बताया जा रहा है कि अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने तेजी से ब्रेक लगाया और वाहन को मोड़ने की कोशिश की। इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
सड़क पर बिखरा अनाज
वाहन के पलटते ही उसमें लदी चावल की बोरियां फट गईं और सारा अनाज सड़क किनारे फैल गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए चालक को बाहर निकाला और पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
बड़ा हादसा टला
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
संवाददाता : किशोर कुशवाहा

0 Comments