जंगल की जमीन पर कब्जे की कोशिश गौरझामर के हथखोह में जेसीबी से खुदाई, वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर जब्त की मशीन 


मामला सागर जिले के गौरझामर वन परिक्षेत्र से सामने आया है जहां गोपालपुरा के पास हथखोह जंगल में वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण करने की कोशिश की जा रही थी यहां जंगल की जमीन को साफ करने और खुदाई करने के लिए जेसीबी मशीन चलाई जा रही थी।

वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि पीएफ 958 क्षेत्र में मशीन से जमीन समतल करने का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर जेसीबी मशीन को पकड़ लिया।

मौके पर मौजूद मशीन ऑपरेटर से पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि हथखोह गांव निवासी मोहन गौंड ने उक्त जमीन को अपनी निजी भूमि बताकर सफाई कराने के लिए मशीन बुलाई थी। इसी आधार पर खुदाई का काम किया जा रहा था।

गौरझामर वन परिक्षेत्र के रेंजर दीपांकर सिंह ने बताया कि वन भूमि पर अतिक्रमण की कोशिश करते हुए जेसीबी मशीन को जब्त कर रेंज कार्यालय में खड़ा कराया गया है। मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और संबंधित व्यक्ति से जमीन के दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। वन विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी 

संवाददाता दीपक मालवीय