दतिया में महिला ने कीटनाशक खाकर दी जान, इलाज के दौरान ग्वालियर में मौत
दतिया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम झाड़ियां में एक 34 वर्षीय महिला द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। महिला ने 14 अप्रैल को कीटनाशक दवा का सेवन किया था, जिसके बाद शनिवार शाम ग्वालियर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, मृतिका की पहचान जयदेवी (34) पत्नी संजेश रावत, निवासी ग्राम झाड़ियां के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल दतिया लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी रेफर कर दिया।
झांसी में उपचार के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर भेज दिया। वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मायके पक्ष की शिकायत पर जांच शुरू
मृतिका के मायके पक्ष की शिकायत के बाद शव को दतिया जिला अस्पताल लाया गया है, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
परिवार की स्थिति
जानकारी के अनुसार, जयदेवी की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। परिवार में पति संजेश रावत, दो बेटियां और एक बेटा है। पति खेती-किसानी का कार्य करता है। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
जांच के बाद होगा खुलासा
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
संवाददाता : किशोर कुशवाहा

0 Comments