नींद में तबाही: बस्ती में घुसा LPG टैंकर, 7 साल की मासूम की मौत, परिवार समेत कई घायल




राजधानी के छोला मंदिर इलाके में शनिवार देर रात एक भयावह हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। तेज रफ्तार एलपीजी टैंकर अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार तोड़ते हुए सीधे अंदर जा घुसा। उस समय परिवार गहरी नींद में था। हादसे में 7 साल की मासूम खुशी गेहार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

रात करीब 2:20 बजे हुए इस हादसे के बाद अचानक तेज धमाके और चीख-पुकार से पूरा मोहल्ला जाग उठा। लोग घरों से बाहर निकल आए और मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर तेज रफ्तार में था और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।

सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि मासूम बच्ची टैंकर के पहिए के नीचे काफी देर तक फंसी रही। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे बाद उसे बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

हादसे की चपेट में आने से आसपास के दो अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक घटना के बाद से फरार है।

घटना के बाद इलाके में रातभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और टैंकर की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।

यह हादसा एक बार फिर शहर में रिहायशी इलाकों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

संवाददाता:- स्वाति रजक