रेलवे ट्रांसफार्मर में लगी आग, उमरिया में बिजली सप्लाई रुकी, कटनी-शहडोल रेलखंड पर ट्रेनें रुकी रहीं


एमपी के उमरिया जिले के नौरोजाबाद स्थित पठारी रेलवे फाटक के पास गुरुवार 26 मार्च को रेलवे के 220 केवी पावर हाउस के ट्रांसफार्मर में आग लग गई. शहडोल-कटनी रेलवे लाइन पर स्थित इस पावर हाउस में आग लगने से क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप हो गई. जिसके चलते रेल संचालन भी ठप पड़ गया. घटना के बाद रेलवे के तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंचे.

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पड़ रही अत्यधिक गर्मी के चलते ट्रांसफार्मर में आग भड़की है. आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण ट्रांसफार्मर को भारी नुकसान पहुंचा है. सूचना के बाद स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीम को भी आग बुझाने के लिए मौके पर बुलाया गया है.

बचाव कार्य में जुटी रेलवे और दमकल टीम

रेलवे के कर्मचारियों ने सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद कर दी है ताकि आग पर काबू पाया जा सके. घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा होने के कारण बचाव कार्य में शुरुआत में बाधा आई, जिसे बाद में रेलवे सुरक्षा बल और कर्मचारियों ने सुरक्षित दूरी पर हटाया.

बिजली सप्लाई और रेल यातायात पर असर

पावर हाउस में हुए इस हादसे के कारण रेलवे के बिजली ग्रिड से जुड़ी आपूर्ति पर असर पड़ा है. अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं और वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से बिजली सप्लाई बहाल करने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं.

संवाददाता :- आशीष सोनी