बीना में 12वीं के छात्र का फंदे पर लटका मिला शव, बोर्ड एग्जाम्स में दो सब्जेक्ट में हुआ फेल, चाचा बोले-दुखी होकर किया सुसाइड

बीना में 12वीं कक्षा के एक छात्र का शव गुरुवार सुबह फांसी के फंदे पर मिला। बोर्ड एग्जाम्स रिजल्ट में निराशा मिलने के बाद किशोर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। मृतक छात्र शहर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक एक में पीसीएम का छात्र था। बुधवार को घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम में वह दो सब्जेक्ट में फेल हो गया था। सुबह मृतक की मां ने उसका कमरे का दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। गेट न खोलने पर खिड़की से झांकने पर वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। मृतक के चाचा जितेंद्र तिवारी ने बताया कि बुधवार को 12वीं का परिणाम आने के बाद जब भविष्य को पता चला कि वह दो विषयों में फेल हो गया है, तो वह बहुत दुखी था। बीना थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव ने जानकारी दी कि एक छात्र ने फांसी लगाई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बोर्ड परीक्षा परिणाम में अनुत्तीर्ण होने के कारण छात्र ने यह कदम उठाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।