वीआईपी दौरे में फंसी जनता पण्डोखर धाम महोत्सव बना जाम और हंगामे का कारण
दतिया में शुक्रवार रात प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के दौरे के दौरान पण्डोखर धाम महोत्सव में अव्यवस्थाओं को लेकर विवाद खड़ा हो गया। धार्मिक कार्यक्रम के बाद भारी भीड़ और वीआईपी मूवमेंट के चलते मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
महोत्सव के बाद लगा भारी जाम
पण्डोखर धाम में आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होते ही धाम के मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ और वीआईपी मूवमेंट के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे कई घंटों तक लोग जाम में फंसे रहे।
पुलिस और लोगों में नोकझोंक
जाम हटाने के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
पुलिस का पक्ष
भांडेर एसडीओपी पीसी यादव ने बताया कि भीड़ अधिक होने और वीआईपी मूवमेंट के कारण यातायात सुचारू करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कुछ लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
इतने बड़े धार्मिक आयोजन के बावजूद ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन भीड़ प्रबंधन में पूरी तरह नाकाम रहा, जिससे अनावश्यक परेशानी और तनाव की स्थिति बनी।
पीताम्बरा पीठ में किए दर्शन
दतिया पहुंचने के बाद मंत्री विश्वास सारंग ने प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ में मां बगुलामुखी के दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने परिसर स्थित वनखण्डेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक भी किया।
संवाददाता : किशोर कुशवाहा

0 Comments