पति पर संकट का डर दिखाकर फर्जी बाबा ने रची ठगी की साजिश, पूजा के नाम पर महिला से मंगलसूत्र लेकर हुआ फरार
सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भदभदा-खमरिया रोड पर अंधविश्वास का फायदा उठाकर एक फर्जी बाबा द्वारा महिला के साथ ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पति पर बड़ा संकट होने का डर दिखाकर पूजा-पाठ के नाम पर महिला से मंगलसूत्र ले लिया और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, भदभदा-खमरिया रोड निवासी मालती प्रजापति के घर शुक्रवार को एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा। उसने खुद को बागेश्वर धाम की यात्रा पर जाने वाला बताया और महिला से सहज बातचीत शुरू की। इसी दौरान उसने महिला को यह कहकर डराना शुरू किया कि उसके पति पर गंभीर संकट है और वे अक्सर बीमार रहते हैं। इस संकट को दूर करने के लिए विशेष पूजा-पाठ कराने की बात कही गई।
पति की सेहत को लेकर चिंतित महिला उसकी बातों में आ गई। उस समय महिला के पति दिलीप प्रजापति स्कूल में थे, जो सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्य के रूप में कार्यरत हैं। ठग ने पूजा का नाटक करते हुए महिला से मंगलसूत्र मंगवाया और उसे चावल के साथ एक रुमाल में रख दिया।
इसके बाद आरोपी ने महिला को डराते हुए कहा कि इस पोटली को एक घंटे तक बिल्कुल न खोला जाए, वरना अनिष्ट हो सकता है। इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह वहां से यह कहकर चला गया कि जब पति ठीक हो जाएंगे, तब वह दोबारा आएगा।
कुछ समय बाद महिला को शक हुआ तो उसने अपनी बेटी से पोटली खुलवाई। पोटली खोलते ही उसमें मंगलसूत्र की जगह केवल चावल निकले, जिससे परिवार के होश उड़ गए। महिला ने बताया कि मंगलसूत्र में 24 सोने के गुरिया और एक पेंडल शामिल था।
आरोपी की पहचान मटमैले सफेद कुर्ते और सिर पर पीले तौलिये वाले व्यक्ति के रूप में हुई है। ठगी का अहसास होते ही पीड़िता ने तुरंत पति को सूचना दी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जैसीनगर थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर के अनुसार, एक संदिग्ध की पहचान हो चुकी है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमों द्वारा जंगलों व आसपास के गांवों में लगातार दबिश दी जा रही है।
संवाददाता:- स्वाति रजक

0 Comments