सहजपुर में गूंजा धर्म और मानवता का संदेश, अखंड दुर्गा चालीसा पाठ में उमड़ा जनसैलाब
सागर जिले के केसली तहसील के ग्राम सहजपुर में भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा आयोजित 24 घंटे अखंड श्री दुर्गा चालीसा पाठ कार्यक्रम में धर्म, राष्ट्र और मानवता का संदेश गूंज उठा। इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया। यह आयोजन 12 अप्रैल से प्रारंभ होकर 13 अप्रैल को संपन्न हुआ। समापन अवसर पर संगठन की केंद्रीय अध्यक्ष बहन पूजा शुक्ला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में समाज को जागरूक करते हुए कहा कि मानव का पहला कर्तव्य धर्म, राष्ट्र और मानवता की रक्षा करना है।
बहन पूजा शुक्ला ने कहा कि आज के समय में सबसे बड़ी जरूरत है बच्चों में अच्छे संस्कार डालने की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को धर्म, नैतिकता और राष्ट्रभक्ति की शिक्षा दें, ताकि आने वाली पीढ़ी संस्कारवान और जिम्मेदार बन सके। उन्होंने कर्म के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि जैसा कर्म करेंगे, वैसा ही फल मिलेगा, इसलिए हर व्यक्ति को अच्छे कर्मों की राह पर चलना चाहिए। केवल धार्मिक ग्रंथों को सुनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के उद्देश्य नशामुक्ति, मांसाहार मुक्त समाज और जातिभेद, छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने का संदेश भी दिया गया। आयोजन में मौजूद श्रद्धालुओं को भाईचारे और एकता के साथ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर सागर संभाग के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश प्रवक्ता बाबूलाल विश्वकर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कैलाश लोधी ने व्यक्त किया। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव और संस्कारों की अलख भी जगाई।
0 Comments