दमोह में अचानक भड़की भीषण आग: होमगार्ड ग्राउंड के पास पेड़ धधके, फायर ब्रिगेड की घंटों की जंग के बाद बुझी लपटें...



दमोह में होमगार्ड ग्राउंड और मछली पालन कार्यालय के बीच स्थित बांस के पेड़ों में शनिवार दोपहर आग लग गई। आग तेजी से कई पेड़ों में फैल गई।

होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट हर्ष जैन ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। होमगार्ड ग्राउंड के पास बड़ी संख्या में बांस के पेड़ हैं, जिनके पीछे मछली विभाग का कार्यालय भी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण बांसों के बीच घर्षण बताया जा रहा है।



आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के कुछ मकानों तक पहुंचने का खतरा था। होमगार्ड के जवानों ने आग देखते ही डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट हर्ष जैन और प्लाटून कमांडर प्राची दुबे को सूचित किया। जवानों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और एक-एक कर सभी पेड़ों में लगी आग को बुझाया।

डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट हर्ष कुमार जैन ने बताया कि बांस के पेड़ों में लगी आग काफी तेज थी। उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचित किया, जिसके बाद आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। 


संवाददाता- कुणाल कुर्मी