शादी से पहले मातम: सड़क हादसे में युवक की मौत, अज्ञात वाहन की टक्कर
दमोह। जिले के सिग्रामपुर चौकी क्षेत्र में विगत रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक सचिन झारिया अपनी शादी की खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सुनवराह निवासी सचिन रविवार शाम कपड़े और अन्य सामान खरीदने सिंगपुर गांव गया था। वापसी के दौरान सिंगपुर-सलैया मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि सचिन की शादी 30 अप्रैल को होने वाली थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। इस हादसे के बाद परिवार में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिग्रामपुर चौकी प्रभारी गणेश दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां सोमवार को पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
संवाददाता : किशोर कुशवाहा
0 Comments