उमादेवी खटीक की हटा विधानसभा के वनांचल क्षेत्र में बंद पड़े स्कूल, सिविल अस्पताल में बुनियादी सुविधा के लिए जूझते मरीज
वनांचल क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों की लापरवाही के चलते वनांचल के स्कूलों में ताले, शिक्षक नदारत और 4 स्कूल बंद मिलने की स्थिति में जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया। संबंधित संकुल प्रभारी को जांच के निर्देश दिए। दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए। संकुल प्राचार्य रबी दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि घोघरा, जुनेरी, मजरा, कारीबरा और भूलखेड़ा स्कूलों के शिक्षकों पर कार्रवाई की जा रही है। प्राथमिक तौर पर संबंधित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही दो दिवस के अंदर शिक्षकों से जवाब भी मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को भेजा जाएगा। विभाग की इस कार्रवाई से लापरवाह शिक्षकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
भीषण गर्मी के चलते हटा नगर के सिविल अस्पताल की व्यवस्थाएं सवालों में हैं। मरीज इलाज से ज्यादा अव्यवस्था झेलते दिखे। वाडों में भर्ती मरीजों के लिए कूलर जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिली। मरीज केवल पंखों पर निर्भर रहे। बताया गया कि अस्पताल में पहले कूलर थे। उनकी टंकियां खराब हो गई और उनकी मरम्मत नहीं कराई गई वहीं स्टाफ के पास कूलर की व्यवस्था है, रात करीब 8:20 बजे एक साथ तीन शव अस्पताल पहुंचे। शव रखने के लिए चार फ्रीजर हैं। तीन फ्रीजर लंबे समय से खराब पड़े हैं। एक चालू फ्रीजर में रखा गया। दो शव बंद फ्रीजर में रखने पड़े। ड्यूटी डॉक्टर डॉ. आरपी मौके पहुंचे और इलेक्ट्रिशियन से जांच कराई गई। फ्रीजर चालू नहीं हो सके। चंडी जी वार्ड में युवती की आत्महत्या के बाद परिजनों को फ्रीजर की सफाई स्वयं करनी पड़ी।

0 Comments