बाबा बना ठग: पूजा के नाम पर महिलाओं को फंसाकर उड़ाता था गहने, पुलिस ने किया गिरफ्तार
सागर जिले में अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने वाले एक ढोंगी बाबा को जैसीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को डर और संकट का हवाला देकर उनके घरों में घुसता था और पूजा-पाठ के बहाने गहने लेकर फरार हो जाता था। पुलिस पूछताछ में उसने अब तक दो वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अप्रैल को खमरिया रोड निवासी मालती प्रजापति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति बाबा बनकर उनके घर पहुंचा। उसने उनके पति पर संकट की बात कहकर महिला को डरा दिया और पूजा के नाम पर मंगलसूत्र रूमाल में रखने को कहा। कुछ ही देर में वह मौका पाकर वहां से भाग निकला। बाद में रूमाल खोलने पर मंगलसूत्र गायब मिला।
जांच के दौरान पुलिस को इसी तरह की एक और घटना 8 अप्रैल की मिली, जो धाऊ गांव में हुई थी। यहां भी आरोपी ने एक महिला को उसी तरीके से ठगा था। दोनों मामलों में समान तरीका अपनाए जाने पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध व्यक्ति बेरखेड़ी इलाके में देखा गया है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को घेरकर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी बालमुकुंद उर्फ हलुआ, निवासी बेरखेड़ी निकला। पूछताछ में उसने दोनों घटनाओं को कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने-चांदी के कई आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें गुरिया, पेंडल, पायल और सोने की चेन शामिल हैं।
पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था और उसके खिलाफ और भी मामले सामने आ सकते हैं। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा न करें, खासकर जब वह खुद को बाबा या तांत्रिक बताकर डर पैदा करे। सतर्कता और जागरूकता ही ऐसी ठगी से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है।
संवाददाता:- स्वाति रजक

0 Comments