दमोह में रुक्मणी माता मंदिर परिसर का लोकार्पण:पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल समेत तीन मंत्री हुए शामिल
दमोह जिले की हटा विधानसभा के पटेरा ब्लॉक स्थित रुक्मणी माता मंदिर परिसर में कराए गए विकास कार्यों का शनिवार शाम लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, मंत्री धर्मेंद्र सिंह और मंत्री लखन पटेल मौजूद रहे। इन निर्माण कार्यों पर कुल 4 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत आई है। लोकार्पण कार्यक्रम में हटा विधायक उमा देवी खटीक और दमोह विधायक जयंत मलैया भी उपस्थित थे। इस मौके पर पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि यह हम सभी का सामूहिक प्रयास है।
तीनों मंत्रियों ने किए प्रयास
जब रुक्मणी माता मंदिर मठ परिसर को भव्य बनाने की योजना बनी थी, तब वे केंद्र में मंत्री थे, जबकि लखन पटेल और धर्मेंद्र सिंह लोधी विधायक थे। उन्होंने जोर दिया कि अब तीनों मंत्री हैं, इसलिए इस कार्य का श्रेय किसी एक व्यक्ति को नहीं दिया जा सकता। मंत्री पटेल ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के एक बड़े संकल्प का भी उल्लेख किया और कहा कि इस प्रयास में सभी शामिल थे। उन्होंने कहा कि जब भी वे लोग बैठते थे, रुक्मणी माता मंदिर मठ के विकास पर सभी एकमत होते थे। उन्होंने परिसर की वर्तमान भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि यह संरचना आने वाली पीढ़ियों द्वारा याद रखी जाएगी।

0 Comments