मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार का फैला मकड़जाल, पात्र लोग सरकारी योजनाओं से वंचित, अपात्रों को मिल रहा फायदा: आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल
खरगोन में प्रधानमंत्री आवास योजना में फर्जीवाड़ा, 113 आवासों में 37 अपात्रों को दे दिए गए आवास: आम आदमी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल
जिनके पास 2 मंजिला मकान और प्लॉट उनको भी दे दिया गया प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ: रानी अग्रवाल
हर सरकारी योजना में चल रहा है भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का खेल, अफसरों से साठ गांठ कर अपात्र ले रहे फायदा: आम आदमी पार्टी
भोपाल:मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में घूसखोरी और कमीशनखोरी का खुला खेल चल रहा है। प्रदेश में अफसरशाही हावी है। भ्रष्ट अफसर और कर्मचारी दोनों हाथों से अपनी जेब भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसी कोई योजना और विभाग नहीं हैं जहां बिना घूस के काम हो रहा हो। आम जनता को सरकारी दफ्तर में अपने काम के लिए घूस देनी पड़ती है। जनता भ्रष्टाचार से परेशान हो चुकी है।
आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने आगे कहा कि गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को मध्य प्रदेश में फायदा नहीं मिल पा रहा है जबकि अधिकारी,कर्मचारियों की मिलीभगत से अपात्रों को फायदा दिया जा रहा है। ये पूरा मामला भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का है। उन्होंने कहा कि खरगोन में प्रधानमंत्री के नाम से संचालित आवास योजना में ही फर्जीवाड़ा सामने आया है। 113 में से 37 अपात्रों को आवास दे दिए गए। जबकि 37 लोगों के पास 2 मंजिला मकान हैं, प्लॉट हैं। मकान होने के बाद भी विभाग के कर्मचारियों,अफसरों ने उन्हें पात्र मान लिया और उन्हें योजना का फायदा दे दिया गया। सब जानते हैं कि ये कैसे हुआ। अपात्र लोगों ने कर्मचारी,अफसरों से साठ गांठी की, घूस दी और आवास अपने नाम करा लिए।
रानी अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में किसी भी योजना का फायदा गरीबों को नहीं मिल रहा है बल्कि उनके लिए चल रही हर योजना का फायदा अपात्र लोग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई योजना बाकी नहीं हैं जिसमें फर्जीवाड़ा और भ्रष्टाचार न हुआ हो। सरकार को केवल आंकड़े पेश करने से मतलब है। जमीन पर काम कितना हो रहा है इस पर सरकार का कोई ध्यान नहीं हैं।
आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में पात्र लोग योजना का फायदा पाने के लिए एड़ियां रगड़ते रह जाते हैं लेकिन उन्हें फायदा नहीं मिलता है। ये तो केवल प्रधानमंत्री आवास योजना में फर्जीवाड़ा निकला है। बाकी और योजनाओँ में भी ऐसे ही अपात्र लोगों को फायदा दिलाया गया होगा। उन्होंने कहा कि फर्जीवाड़े की सरकार को निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
रानी अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा के राज में भ्रष्ट अफसरों और कर्मचारियों की मौज है जबकि आम आदमी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार अफसरों,कर्मचारियों के भ्रष्टाचार के मामलों पर आंख मूंदे हुए हैं। सरकार केवल अब चुनावी दौरों और वादों,दावों में व्यस्त है। प्रदेश की तरफ सरकार का कोई ध्यान नहीं हैं और इसी का फायदा अफसर,कर्मचारी उठा रहे हैं।
रानी अग्रवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश में सरकारी योजनाओं में हो रहे फर्जीवाड़ों और भ्रष्टाचार पर सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। जनता घूसखोरी और कमीशनखोरी से परेशान हो चुकी है और भाजपा सरकार को करारा जवाब देने के लिए तैयार है। अबकी बार मध्य प्रदेश में भ्रष्ट भाजपा सरकार को जनता करारा जवाब देगी।वहीं आम आदमी पार्टी लगातार सरकार के भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर मुखर रहेगी और जनता के बीच जाकर भ्रष्ट सरकार की पोल खोलेगी।
संवाददाता पंकज तिवारी
0 Comments