प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने अशोकनगर जिले के ईसागढ़ स्थित प्रसिद्ध आनंदपुर धाम ट्रस्ट को लेकर सनसनीखेज खुलासे किए हैं। अहिरवार ने ट्रस्ट में बड़े पैमाने पर आर्थिक अनियमितताओं, शारीरिक शोषण और प्रशासनिक सांठगांठ के गंभीर आरोप लगाते हुए सीधे तौर पर प्रदेश के तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को कठघरे में खड़ा किया है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने आईएएस अधिकारी विवेक अग्रवाल, अवनीश लवानिया और मयंक अग्रवाल का नाम लेते हुए उन पर ट्रस्ट के साथ सांठगांठ के आरोप लगाए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से सवाल पूछा कि इन अधिकारियों या उनके करीबियों का आनंदपुर धाम से क्या संबंध है? अहिरवार ने कहा कि इतने गंभीर साक्ष्य होने के बावजूद प्रशासन निष्पक्ष जांच क्यों नहीं कर रहा है? क्या इन अधिकारियों का संरक्षण ही कार्रवाई में बाधा बन रहा है?
हवाला, काला धन और उगाही का नेटवर्क
अहिरवार ने कुछ अन्य नामों का भी खुलासा किया जो कथित तौर पर इस नेटवर्क का हिस्सा है। उन्होंने सुनील महात्मा पर चंदे और उगाही का प्रबंधन तथा अधिकारियों से सांठगांठ का आरोप लगाया। इसके अलावा सीए विनु अग्रवाल पर काले धन को सफेद करने का आरोप लगाया। वहीं विनोद महात्मा (दिल्ली) पर बाहरी संपकों और लायजनिंग का कार्य संभालने का आरोप भी लगाया। इसके अलावा अमरीक सिंह (भोपाल) पर दान की आड़ में कथित हवाला लेन-देन के आरोप लगाया।
दुष्कर्म जैसा जघन्य आरोप और पुलिस की चुप्पी
अहिरवार ने बताया कि आनंदपुर ट्रस्ट के एक महात्मा ने एक मासूम के साथ दुष्कर्म किया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित युवक ने अपने बयान में जबरन संबंध बनाने और शिकायत करने पर वीडियो डिलीट करवाकर कागजी पर हस्ताक्षर कराने के आरोप लगाए है। अहिरवार ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि ईसागढ़ थाना, कलेक्टर और एसपी अशोकनगर को लिखित शिकायत और सबूत देने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसे प्रशासनिक संरक्षण और राजनीतिक दबाव का मामला करार दिया है।
मुख्यमंत्री से जांच की मांग
कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और पीड़ितों को न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।


0 Comments